उत्तराखंड
Trending

सड़क हादसे में युवक की मौत से प्रेम नगर में आक्रोश, थाने के बाहर एंबुलेंस रोककर प्रदर्शन

देहरादून। प्रेम नगर निवासी ललित खंडूजा के 19 वर्षीय पुत्र सुजल खंडूजा की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने पोस्टमार्टम के बाद सुजल का शव लेकर आ रही एंबुलेंस को प्रेम नगर थाने के बाहर रोककर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण हादसे के आरोपी अब तक खुलेआम घूम रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो वाहन स्वामी की गिरफ्तारी हुई है और न ही किसी प्रकार की ठोस कानूनी कार्रवाई की गई है। इससे परिजनों और स्थानीय लोगों में निराशा के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।

गौरतलब है कि बीते 28 जनवरी की रात्रि प्रेम नगर स्थित नंदा की चौकी क्षेत्र में एक सफेद रंग के थार वाहन  H R 12 AV 3631 जिसमें तीन चार युवक जो कि नशे में धुत थे, ने सुजल खंडूजा को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुजल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। आखिरकार 10 फरवरी को उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद चालक फरार हो गया था।
मौके पर पहुंचे प्रेम नगर व्यापार मंडल के प्रधान भूषण भाटिया ने थाना अध्यक्ष कुंदन राम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button