दिव्य कुंभ 2027: मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने हरिद्वार में की विकास कार्यों की समीक्षा
दिसंबर 2026 तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

हरिद्वार। 2027 में प्रस्तावित दिव्य और भव्य कुंभ मेले को लेकर तैयारियाँ तेज़ रफ़्तार पकड़ रही हैं। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने शुक्रवार को हरिद्वार मेला क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएँ, ताकि श्रद्धालुओं को कुंभ मेले में बेहतरीन सुविधाएँ मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने नजीबाबाद हाईवे स्थित गौरी पार्किंग में बन रहे मल्टी मॉडल हब, चंडी देवी रोपवे, और नीलधारा में विकसित किए जा रहे कल्चरल हब की प्रगति देखी। साथ ही बैरागी कैंप में साधु-संतों के लिए कैंपिंग व्यवस्था, लेज़र शो, नए घाटों का निर्माण और आइरिस सेतु से मातृ सदन तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी जायजा लिया।
इसके अलावा उन्होंने नक्षत्र वाटिका के पास कनखल कैनाल फ्रंट, दक्ष मंदिर मार्ग चौड़ीकरण, झंडा चौक, भीमगोड़ा स्थित श्मशान घाट से चमगादड़ टापू तक बनने वाले सेतु और हरकी पैड़ी क्षेत्र की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों के विस्तारीकरण, रेलिंग लगाने और सभी विकास कार्य समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएँ। उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि 2027 के कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


