तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने रचा इतिहास, आतिशबाजी के साथ जश्न में डूबा देहरादून
प्रेमनगर में भी खूब हुई आतिशबाजी

न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, घंटाघर और प्रेमनगर में युवाओं ने आतिशबाजी कर मनाई जीत
देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी डिफेंड करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन ही बना सकी।
भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेली, जो इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी रही। अभिषेक शर्मा ने महज 21 गेंदों में 52 रन बनाकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। अक्षर पटेल ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने एक-एक विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी को समेट दिया।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। राजधानी देहरादून में भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा। शहर के घंटाघर पर बड़ी संख्या में युवा और क्रिकेट प्रशंसक एकत्रित हो गए। यहां जोरदार आतिशबाजी की गई और लोगों ने तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “इंडिया-इंडिया” के नारों से पूरा इलाका गूंजा दिया।
वहीं प्रेमनगर क्षेत्र में भी भारत की जीत पर जबरदस्त जश्न देखने को मिला। युवाओं ने सड़कों पर निकलकर पटाखे छोड़े और आतिशबाजी की। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के बीच युवा वर्ग में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की।
टीम इंडिया की इस शानदार जीत ने क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है और पूरे देश के साथ देहरादूनवासियों को भी जश्न मनाने का बड़ा मौका दे दिया है।




