Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

सनसनी: देहरादून में दिनदहाड़े महिला की हत्या, हाथ से सोने का कंगन भी गायब, घर में अकेली थीं कारोबारी की पत्नी

डालनवाला में एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में वारदात , चेहरे और गले पर मिले चोट के निशान

पुलिस को करीबी पर शक, आसपास के CCTV खंगाले जा रहे

देहरादून। राजधानी देहरादून के पॉश इलाके डालनवाला स्थित एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े 70 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला घर में अकेली थीं। शाम को पड़ोसी ने घर पहुंचकर देखा तो वह बेड पर अचेत हालत में पड़ी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला के चेहरे पर खरोंच और गले पर चोट के निशान मिले। महिला के हाथ से सोने का कंगन भी गायब बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के साथ लूट के एंगल की भी जांच कर रही है।

मृतका की पहचान रेखा बंसल के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर गांधी स्कूल के सामने बंसल बुक स्टोर नाम से दुकान है। गुरुवार सुबह दिनेश बंसल रोज की तरह दुकान चले गए थे। घर में उनकी पत्नी अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य कांवली रोड स्थित आवास पर रहते हैं।

दोपहर में बेटी से हुई थी बात

पुलिस जांच में सामने आया कि दोपहर करीब एक बजे रेखा बंसल की अपनी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके कुछ समय बाद पति ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कई बार फोन करने के बाद भी संपर्क नहीं होने पर दिनेश बंसल ने पड़ोसी से घर जाकर देखने को कहा।

पड़ोसी घर पहुंचे तो रेखा बंसल बेड पर पड़ी मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

चेहरे और गले पर मिले निशान

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले। गले पर भी चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

घर में नहीं दिखे संघर्ष या लूटपाट के ज्यादा निशान

पुलिस को घर के अंदर सामान बिखरा हुआ नहीं मिला। बेड की चादर पर भी ज्यादा सिलवटें नहीं थीं। इससे पुलिस यह भी मान रही है कि महिला के साथ ज्यादा संघर्ष नहीं हुआ। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी महिला के लिए जाना-पहचाना व्यक्ति तो नहीं था।

सोने का कंगन गायब, लूट के एंगल पर भी जांच

जांच के दौरान महिला के हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस लूट के इरादे से हत्या किए जाने की संभावना को भी जांच में शामिल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर से अन्य कोई सामान भी गायब हुआ है या नहीं।

पति की बताई जानकारी पर पुलिस का फोकस

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है। पति दिनेश बंसल ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इसी आधार पर पुलिस परिचित या करीबी व्यक्ति की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है। हालांकि आरोपी कौन है और हत्या का वास्तविक कारण क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के समय घर के भीतर CCTV कैमरा नहीं था। ऐसे में पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले और बाद में कॉलोनी में कौन-कौन लोग आए-जाए थे। महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और घर में आने-जाने वालों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े अहम सुराग सामने आने की उम्मीद है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button