Breaking News

केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा, बोल्डर की चपेट में आने से महिला तीर्थयात्री की मौत

केदारनाथ। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। गौरीकुंड से करीब चार किलोमीटर दूर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल को रेस्क्यू कर गौरीकुंड चिकित्सालय पहुंचाया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंजली पत्नी सचिन, निवासी शालीमार बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है। हादसे में कर्नाटक निवासी 34 वर्षीय शिदप्पा घायल हुए हैं। उनका गौरीकुंड चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया जा रहा है।

बताया गया कि मंगलवार को श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पैदल मार्ग से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर और बोल्डर गिरने लगे। यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और महिला बोल्डर की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button