जुआ रैकेट का भंडाफोड़ : 40 दबोचे, पूरी चौकी सस्पेंड
होटल नवरंग में चल रहा था संगठित जुआ रैकेट, सील

लाखों की नकदी और हजारों कैसीनो क्वाइन बरामद
ऋषिकेश | ऋषिकेश के हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़े स्तर पर चल रही जुआ पार्टी का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 40 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया, जिनमें स्थानीय लोगों के साथ अन्य जिलों और राज्यों से आए लोग भी शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में जुआ सामग्री और नकदी बरामद हुई। आरोपियों के पास से 3356 कैसीनो क्वाइन (टिक्की), 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की 9 शराब की बोतलें मिलीं। बरामदगी से साफ संकेत मिलता है कि यह अवैध गतिविधि संगठित और बड़े पैमाने पर संचालित की जा रही थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में सामने आया कि हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में यह पूरा खेल चल रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है। हालांकि, होटल संचालक छापेमारी के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ी कार्रवाई स्थानीय पुलिस की लापरवाही पर हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहित कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।




