हर की पैड़ी से ऋषिकेश तक गूंजा ‘2036 में ओलंपिक हमारा हो’ का संकल्प

खेलों से जुड़ने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ उत्तराखंड के लिए युवाओं को किया प्रेरित
हरिद्वार। उत्तराखंड में सोमवार को ‘2036 में ओलंपिक हमारा हो’ का संदेश गूंजा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में हरिद्वार की हर की पैड़ी से ऋषिकेश तक भव्य संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने, राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
हर की पैड़ी से यात्रा के शुभारंभ के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देश की युवा शक्ति में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि युवाओं को सही समय पर उचित अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को खेलों के क्षेत्र में पर्याप्त अवसर मिलें तो भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक की सफल मेजबानी करने के साथ ही खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है।
संकल्प यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश मलिक और गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने भी सहभागिता की। उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
दिनेश मलिक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया।
गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए ‘नशामुक्त उत्तराखंड, स्वस्थ उत्तराखंड और खेलमय उत्तराखंड’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ले जाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक निकली संकल्प यात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के माध्यम से खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया। आयोजकों ने ‘2036 में ओलंपिक हमारा हो’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और इसे व्यापक जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में तरुण सिरोही समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।




