
चमोली जिले के नारायणबगड़ सरकारी अस्पताल में हुई दर्दनाक घटना
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी कमजोर हो चुकी दीवार अचानक ढह गई और वह मलबे में दब गए।
हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी हालत बेहद गंभीर बताई थी। हालांकि हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही डॉ. नवीन चंद्र डिमरी ने अंतिम सांस ली। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है।




