IMA पासिंग आउट परेड आज : कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जानें रूट

पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंचीं देहरादून
देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में शनिवार 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (POP) के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस प्रतिष्ठित समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच गईं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति शनिवार को IMA की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर जेंटलमैन कैडेट्स को अंतिम सलामी देंगी। इस बार की परेड कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रही है, क्योंकि पहली बार महिला कैडेट भी पुरुष कैडेटों के साथ ‘अंतिम पग’ भरते हुए सैन्य अधिकारी बनने जा रही हैं।
परेड के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए सुबह 5:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक IMA क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है, जहां आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
ये रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
- बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहा से मिठी बेरी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहन प्रेमनगर चौक, दरू चौक, मिठी बेरी और शिमला बाईपास मार्ग से संचालित होंगे।
- आवश्यकता पड़ने पर प्रेमनगर से आने वाले वाहनों को एमटी सेक्शन गेट से IMA परिसर के अंदर से रांघड़वाला की ओर भेजा जा सकता है।
- सेलाकुई और भाऊवाला क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहा, सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
- देहरादून से विकासनगर की ओर जाने वाले भारी वाहन शिमला बाईपास होते हुए धर्मावाला मार्ग का उपयोग करेंगे।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा और यातायात की स्थिति को देखते हुए आवश्यकतानुसार डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।




