Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

फाइनेंसर की चाकू से हत्या, आरोपी कमरे में ही दबोचा

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोनों की दोस्ती, दोनों की उम्र में आधे का अंतर

पटेलनगर के एन्क्लेव में हुई वारदात, बी कॉम का छात्र है आरोपी, पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू के साथ किया गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के देवऋषि एन्क्लेव (देहराखास) में बुधवार देर शाम एक फाइनेंसर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए हत्यारोपी को कमरे में ही बंद कर दिया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय दीपक गुप्ता ट्रेडिंग और फाइनेंस का काम करते थे। उनकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी, लेकिन छह माह बाद ही तलाक हो गया था। इसके बाद से वह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते थे, जबकि पहली मंजिल पर उनके छोटे भाई राकेश गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं।

बुधवार शाम करीब पांच बजे माजरा की प्रधानवाली गली निवासी 21 वर्षीय रोहन प्रजापति दीपक के कमरे में पहुंचा। दोनों पहले से परिचित थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि रोहन ने कमरे में रखे चाकू से दीपक के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर नीचे पहुंचे परिजनों ने कमरे का भयावह दृश्य देखा। इसी दौरान मृतक के छोटे भाई की पत्नी मीनाक्षी ने हिम्मत दिखाते हुए बाहर से कमरे की कुंडी लगा दी, जिससे आरोपी भाग नहीं सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चाकू सहित हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। अभियुक्त से पूछताछ में उसने बताया गया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकाॅम द्वितिय वर्ष का छात्र है तथा मृतक से उसकी पहचान इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। मृतक के कहने पर ही आज वह उनके घर पर आया था, इस दौरान किसी बात को लेकर उनके मध्य विवाद हो गया, जिस पर अभियुक्त द्वारा कमरे में पडे चाकू से मृतक दीपक गुप्ता पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक के सम्बंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक दीपक का अपनी पत्नी से लगभग 7-8 वर्ष पूर्व तलाक हुआ था तथा मृतक मूल रूप से लखनऊ उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, जो वर्ष 2004 से अपने भाई बहनों के साथ देहरादून में निवास कर रहे थे। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और दोनों के बीच हुए विवाद की भी जांच कर रही है। दोनों की उम्र में आधे का अंतर कई आशंकाओं का जन्म दे रहा है कि दोनों के बीच किस तरह की दोस्ती थी और कैसे हुई।

सी ओ सदर अंकित भंडारी ने बताया कि कमरे में दीपक का शव जमीन पर मुंह के बल नग्नावस्था में पड़ा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button