
देहरादून।
Forest Research Institute (एफआरआई) चार माह बाद सोमवार से पर्यटकों और आगंतुकों के लिए दोबारा खोल दिया गया है। संस्थान को 16 जनवरी को सुरक्षा कारणों के चलते बंद किया गया था, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। एफआरआई प्रशासन ने दोबारा खुलने के साथ प्रवेश और संग्रहालय शुल्क में भी बढ़ोतरी की है।
एफआरआई की प्रभारी निदेशक ने बताया कि संस्थान में पर्यटकों की एंट्री आज से शुरू हो जाएगी। भारतीय नागरिकों के लिए पैदल प्रवेश शुल्क अब 100 रुपये निर्धारित किया गया है। संग्रहालय देखने के लिए उन्हें 150 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
विदेशी नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क एक हजार रुपये तय किया गया है, जबकि संग्रहालय में प्रवेश के लिए उन्हें डेढ़ हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा वाहन पार्किंग शुल्क भी लागू रहेगा। स्कूटर और बाइक के लिए 50 रुपये, निजी कार और टैक्सी के लिए 150 रुपये, ऑटो रिक्शा के लिए 100 रुपये तथा बस और ट्रक के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
संस्थान प्रशासन ने छात्रों के लिए विशेष रियायती व्यवस्था भी लागू की है। स्कूली बच्चों से संग्रहालय प्रवेश के लिए 30 रुपये प्रति बच्चा शुल्क लिया जाएगा, जबकि कॉलेज छात्र-छात्राओं के लिए यह शुल्क 50 रुपये प्रति छात्र रखा गया है। एफआरआई प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को संस्थान के शैक्षिक और वैज्ञानिक महत्व से जोड़ना है।




