
चंबा-कोटी मार्ग पर नैल के पास हुआ हादसा, हरिद्वार से अन्त्येष्टि करके लौट रहे थे सभी
टिहरी। टिहरी जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। चंबा-कोटी मार्ग पर नैल के पास लोगों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे।
हरिद्वार से लौटते समय हुआ हादसा
प्रशासन के अनुसार, सभी यात्री घनसाली के थ्योलधार गांव के निवासी थे और हरिद्वार में एक ग्रामीण का अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे। इसी दौरान नैल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना ‘डायल 112’ के जरिए मिलते ही पुलिस, SDRF और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर बौराडी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शोक संदेश जारी किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र और समुचित उपचार के निर्देश दिए। साथ ही बाबा केदार से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन राहत और जांच कार्य में जुटा हुआ है।




