Breaking Newsउत्तराखंडस्वास्थ्य
Trending

चिकित्सक संघ की नई टीम ने ली शपथ, 150 डॉक्टर सम्मानित

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल संबोधन में दी बधाई

देहरादून। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ उत्तराखंड द्वारा देहरादून में शपथ ग्रहण अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने पद एवं दायित्वों की शपथ ली। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए चिकित्सकों और गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल एवं महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में मंत्री ने चिकित्सकों को भरोसा दिलाया कि उनकी प्रमुख मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने समय से डीपीसी, एसडीएसपी में राहत, चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए जिला एवं उपजिला अस्पतालों में पुलिस चौकी की स्थापना, दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत डॉक्टरों के लिए कॉलोनी निर्माण और परफॉर्मेंस आधारित पोस्टिंग व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अधिवेशन के दौरान विभिन्न जनपदों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले करीब 150 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। साथ ही चिकित्सकों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर डॉ. रमेश कुंवर ने अध्यक्ष और डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली। अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

अधिवेशन में वक्ताओं ने संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्वों और जनहित से जुड़े कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में महासचिव डॉ. यशपाल तोमर ने मुख्य अतिथि, सभी विशिष्ट अतिथियों और प्रदेशभर से आए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान डॉ. तृप्ति बहुगुणा (पूर्व महानिदेशक), डॉ. आर.सी. पंत, डॉ. शिखा जगपांगी, डॉ. रश्मी पंत, डॉ. डी.पी. जोशी, डॉ. बी.सी. रमोला, डॉ. मनोज वर्मा सहित सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीएमएस/सीएमएस एवं बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button