वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में स्टीमर पलटा, 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई लापता

श्रृंगार घाट के पास पांटून पुल से टकराने के बाद हुआ हादसा, लुधियाना से आए थे 32 श्रद्धालु
मथुरा/वृंदावन। यमुना नदी में शुक्रवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया। यह दर्दनाक हादसा वृंदावन के श्रृंगार घाट के पास हुआ, जहां स्टीमर पांटून (पीपे) के पुल से टकराने के बाद संतुलन खो बैठा और पलट गया।
हादसे के समय स्टीमर में करीब 32 श्रद्धालु सवार थे, जो लुधियाना से बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु स्टीमर के जरिए यमुना में सैर कर रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्टीमर पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में डूब गए। घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शुरुआती बचाव कार्य में जुट गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें भी जुटी हुई हैं, जो नदी में डूबे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन का कहना है कि बचाव कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजा जा सके।
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मथुरा जनपद के वृंदावन में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से संचालित किया जाए और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
श्रद्धालुओं की सैर बनी मौत का सफर, स्टीमर पलटने से 10 की मौत



