Breaking Newsउत्तराखंड
Trending

मौसम ने ली करवट, उत्तराखंड में होगी बारिश-बर्फबारी

रविवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा, 15 और 16 मार्च के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

पहाड़ से मैदान तक मौसम का असर, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में धूलभरी आंधी व ओलावृष्टि की संभावना

देहरादून। उत्तर भारत में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्री-मानसून गतिविधियों का पहला दौर शुरू हो गया है, जिसका असर राजस्थान से लेकर उत्तराखंड तक देखने को मिल सकता है। इस बदलाव के चलते कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में रविवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, टिहरी और देहरादून जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कई स्थानों पर गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत से लेकर हिमालयी क्षेत्रों और मध्य भारत तक कई इलाकों में मौसम अचानक खराब हो सकता है। सोमवार से मौसम अगले दो दिनों में उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में तेज बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। इसको देखते हुए 15 और 16 मार्च के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटे के भीतर मैदानों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी के चलते अधिकतम तापमान में लगभग पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

प्री-मानसून गतिविधियां होंगी तेज

मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून का यह पहला चरण उत्तर राजस्थान से शुरू हो रहा है, जिसका असर धीरे-धीरे उत्तराखंड तक पहुंचेगा। 17 मार्च को भी राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

वहीं 18 से 20 मार्च के बीच उत्तराखंड के सभी जिलों में मौसम के और अधिक सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज बारिश, ओलावृष्टि और लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 से 23 मार्च के बीच इन गतिविधियों का असर और व्यापक हो सकता है, जबकि 19 और 20 मार्च को राज्यभर में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button