Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

खनन व्यवसायी ने खुद को गोली से उड़ाया

चोरगलिया में सनसनी: पारिवारिक विवाद बना मौत का कारण

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र में एक युवा खनन व्यवसायी द्वारा स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के बाद यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

थाना चोरगलिया के प्रभारी हरपाल सिंह के अनुसार मृतक कमलेश सिंह अपने गांव में मां, भाई, पत्नी और छोटी बेटी के साथ रहते थे। उनके पिता का लगभग दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। सोमवार रात करीब 9 बजे पत्नी के साथ हल्के पारिवारिक विवाद के बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से स्वयं को गोली मार ली।

घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अब तक की जांच में किसी व्यावसायिक विवाद या अन्य बाहरी कारण के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button