ढाई लाख के विवाद में युवक की हत्या, तीन दोस्त गिरफ्तार
चिड़ियापुर के जंगल में लगाया शव को ठिकाने

देहरादून । राजधानी में पैसों के लेन-देन को लेकर 28 वर्षीय दिगंबर धीमान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बसंत विहार थाना क्षेत्र से 9 फरवरी को लापता हुए दिगंबर का शव चिडियापुर के जंगलों से बरामद हुआ था।
11 फरवरी को पिता संतराम धीमान ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि दिगंबर अपने साथियों के साथ टैक्सी से गया था। पुलिस ने टैक्सी चालक राजनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने शव ठिकाने लगाने की बात कबूली। उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया।
मामले में हेमंत सेमवाल, संजू और आदिल को 21 फरवरी को आईएसबीटी के पास हरिद्वार बाईपास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, हथौड़ा और मृतक के जूते नेपाली फार्म के पास से बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि दिगंबर पर ढाई लाख रुपये का लेन-देन विवाद चल रहा था। 9 फरवरी को उसे रेसकोर्स स्थित कमरे में बुलाकर नशे के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने लोहे की रॉड व हथौड़े से हमला कर दिया। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। बाद में शव को कंबल में लपेटकर जंगल में दबा दिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की जांच जारी है।



