उत्तरांचल प्रेस क्लब भवन निर्माण को जल्द पूरा कराने के लिए प्रशासन गंभीर : बंशीधर तिवारी

देहरादून।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के नए भवन निर्माण को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। यह बात सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कही। वे शनिवार को सूचना एवं लोक संपर्क निदेशालय में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी से मुलाकात के दौरान बोल रहे थे।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा एवं महामंत्री योगेश सेमवाल के नेतृत्व में नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने सूचना महानिदेशक से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कार्यकारिणी को चुनाव में जीत की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रेस क्लब के नए भवन निर्माण की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सूचना महानिदेशक ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है और इसे जल्द पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर देख रहा है।
इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सूचना महानिदेशक के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इस पर बंशीधर तिवारी ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जाएगा।
सूचना महानिदेशक ने कहा कि मीडिया कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें हर स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि उत्तरांचल प्रेस क्लब का भवन जल्द से जल्द पूर्ण हो, इसके लिए प्रशासन गंभीरता से प्रयासरत है।
इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र नेगी, महामंत्री योगेश सेमवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा एवं मीना नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, ओम प्रकाश (ओपी) जोशी तथा मनवर रावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




