
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब कार्यकारिणी चुनाव-2026 के लिए आज चुनाव कार्यक्रम औपचारिक रूप से घोषित कर दिया गया। प्रेस क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चुनाव अधिकारी दर्शन सिंह रावत ने चुनाव से संबंधित पूरी समय-सारिणी जारी की।
चुनाव अधिकारी श्री रावत ने बताया कि कार्यकारिणी चुनाव-2026 के लिए मतदान (यदि आवश्यकता पड़ी) 30 दिसंबर 2025 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। मतदान के बाद उसी दिन दोपहर 4 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री 26 और 27 दिसंबर को प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जाएगी। इसी अवधि में उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
नाम वापसी की प्रक्रिया 28 दिसंबर को प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे तक प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
चुनाव अधिकारी के अनुसार कार्यकारिणी के विभिन्न पदों पर चुनाव होंगे। इनमें अध्यक्ष पद पर एक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एक, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एक, महामंत्री पद पर एक, संयुक्त मंत्री के दो पद (जिसमें एक पद महिला के लिए आरक्षित), कोषाध्यक्ष पद पर एक, संप्रेक्षक पद पर एक तथा कार्यकारिणी सदस्य के नौ पद शामिल हैं।
इस अवसर पर सहायक चुनाव अधिकारी डॉ. वी.के. डोभाल और लक्ष्मी प्रसाद बड़ोनी भी उपस्थित रहे।



