डीएम देहरादून का बड़ा एक्शन: आंगनबाड़ी सप्लाई गोदाम पर छापा मार रुकवाए ट्रक, मौके पर कराई सैंपलिंग
छापे में आंगनबाड़ी राशन गोदाम में बाल श्रमिक और अनियमितताएं उजागर

रुड़की/देहरादून। आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने गुरुवार को रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें बाल श्रमिकों से काम कराना, खाद्य सामग्री की संदिग्ध गुणवत्ता और रिकॉर्ड में गड़बड़ी प्रमुख रही।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि राज्य के नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायतों के बाद डीएम स्वयं मौके पर पहुंचे और गोदाम में रखी खाद्य सामग्री व व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
गोदाम में मिले बाल श्रमिक
छापेमारी के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक काम करते हुए पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गोदाम स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर उठे सवाल
निरीक्षण के दौरान खजूर और केले के चिप्स सहित कई खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर मैन्युफैक्चर और एक्सपायरी तिथि का उल्लेख नहीं था। वहीं कुछ पैकेटों पर छपी हुई तिथि के स्थान पर स्टैंप से तिथि अंकित पाई गई, जिसे अधिकारियों ने संदिग्ध माना।
पुराने अंडों की हो रही थी आपूर्ति
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी माह के अंडे तथा अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित की जा रही थी। अंडों की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
मानकों के अनुरूप नहीं मिला गोदाम संचालन
निरीक्षण में पाया गया कि गोदाम का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। गोदाम में तापमान नियंत्रित रखने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा रजिस्टर भी अद्यतन नहीं मिले और सामग्री आपूर्ति करने वाली कंपनी की ओर से गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
डिस्पैच हो रहे वाहनों को रुकवाकर कराई सैंपलिंग
छापेमारी के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राशन लेकर निकल रहे वाहनों को भी जिलाधिकारी ने मौके पर रुकवाया और खाद्य सामग्री के नमूने लेकर सैंपलिंग कराई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए रवाना होने वाले थे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाए।
छापेमारी के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



