
प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर में कलश यात्रा व शोभा यात्रा का भव्य आयोजन
देहरादून। धर्मपुर चौक स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर का वार्षिक उत्सव मंगलवार को विशाल कलश यात्रा व शोभा यात्रा के साथ आरंभ हुआ। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्ण गिरी महाराज व दिगंबर भरत गिरी महाराज ने ध्वज देकर यात्रा का शुभारंभ किया। 21 स्कूटी सवार दुर्गावाहिनी की बहनों और 31 बाइक सवार शिवभक्तों ने अग्रिम पंक्ति में धर्मध्वज लेकर जयघोष किया। यात्रा में गणेश, राम दरबार, राधा-कृष्ण, भोलेनाथ की बारात, नंदा देवी राजजात और डांडिया नृत्य जैसी झांकियों ने आकर्षण बढ़ाया।
208 कलश धारण किए महिलाओं ने व्यास महाराज के नेतृत्व में यात्रा में भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर फूल वर्षा और जलपान से स्वागत हुआ। नंदा देवी राजजात, उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण व कूड़ा निस्तारण संदेश भी शामिल रहे। यात्रा दोपहर 1:30 बजे मंदिर में संपन्न हुई, जिसके बाद भागवत पूजन व प्रसाद वितरण हुआ। 13 से 19 अगस्त तक प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा और 20 अगस्त को भगवान की छठी का विशाल भंडारा होगा। स्थानीय व्यापारियों व संस्थाओं ने भव्य स्वागत कर महाराज का तिलक किया।