
राज्य सरकार ने एक्साइज ड्यूटी पर 12% वैट को वापस लागू करने का लिया फैसला
देहरादून : उत्तराखंड में शराब पीने वालों के लिए अब जेब ढीली करनी पड़ेगी। राज्य सरकार ने एक्साइज ड्यूटी पर 12% वैट को वापस लागू करने का फैसला ले लिया है, जिसके बाद देसी से लेकर विदेशी तक हर तरह की शराब के दाम 15 दिसंबर से बढ़ने जा रहे हैं। इस टैक्स बदलाव ने आने वाले दिनों में शराब प्रेमियों का बजट पूरी तरह बिगाड़ने वाला है।
उत्तराखंड सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 की एक्साइज नीति में बड़ा बदलाव करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12% VAT दोबारा लागू करने का निर्णय लिया है। यह नया टैक्स ढांचा 15 दिसंबर से पूरे राज्य में प्रभावी हो जाएगा। इस फैसले के बाद शराब की कीमतों में ₹40 से ₹100 प्रति बोतल तक की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
एक्साइज कमिश्नर अनुराधा पाल ने बताया कि सरकार से आदेश प्राप्त होने के बाद विभाग को नए रेट को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए एक निर्धारित टाइमलाइन दी गई है। विभाग को बदलाव की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था और यह कार्य 15 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
गौर करने वाली बात है कि एक्साइज पॉलिसी तैयार करते समय विभाग ने इस साल एक्साइज ड्यूटी से VAT हटाया था। विभाग का तर्क था कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश एक्साइज ड्यूटी पर VAT नहीं लेता, इसलिए इसे हटाने से उत्तराखंड की नीति प्रतिस्पर्धी बनेगी और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगेगी।
लेकिन राज्य के वित्त विभाग ने इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताई। फाइनेंस डिपार्टमेंट का कहना था कि VAT हटाने से राजस्व में भारी कमी आएगी। इसी आपत्ति के बाद सरकार ने एक्साइज ड्यूटी पर 12% VAT दोबारा लागू करने का निर्णय लिया।
नई व्यवस्था के लागू होते ही देसी शराब का एक पाउच लगभग ₹10 महंगा हो जाएगा, जबकि विदेशी शराब की बोतल पर ₹100 तक की बढ़ोतरी दर्ज होगी। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में शराब की कीमतें पहले ही हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से अधिक हैं, ऐसे में यह नया टैक्स उपभोक्ताओं पर और बोझ बढ़ा देगा।



