Breaking News
Trending

पुष्पांजलि के बाद ‘इंपीरियल वैली’ का भी बिल्डर गायब, रियल एस्टेट सेक्टर में हड़कंप

हापुड़ में दर्ज हुई तहरीर

देहरादून के बिल्डर शाश्वत गर्ग और उनकी पत्नी साक्षी गर्ग 17 अक्टूबर से लापता,

देहरादून के रियल एस्टेट सेक्टर में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुष्पांजलि इंफ्राटेक के निदेशक दीपक मित्तल और उनकी पत्नी राखी मित्तल के फरार होने की गुत्थी अभी सुलझी नहीं थी कि अब बिल्डर शाश्वत गर्ग और उनकी पत्नी साक्षी गर्ग भी रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। दंपती देहरादून के थाना क्षेत्र में ‘इंपीरियल वैली’ नाम से प्लॉटिंग परियोजना चला रहे थे।

थानो में चल रही थी इंपीरियल वैली परियोजना

जानकारी के मुताबिक शाश्वत गर्ग अपनी पत्नी साक्षी गर्ग के साथ देहरादून के थानो क्षेत्र में ‘इंपीरियल वैली’ प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। इनके अचानक लापता होने से शहर के बिल्डरों, प्रॉपर्टी डीलरों और निवेशकों में हड़कंप मच गया है।

17 अक्टूबर को आखिरी बार दिखा गर्ग परिवार

लापता बिल्डर शाश्वत की पत्नी साक्षी के भाई सुलभ गोयल ने हापुड़ कोतवाली में तहरीर दी है। उनके अनुसार, 16 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे शाश्वत, उनकी पत्नी साक्षी, सास-ससुर (प्रवीन और अंजली गर्ग) और बेटा रिद्वान हापुड़ स्थित विवेक विहार (राधापुरी) उनके घर आए थे।

17 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने कहा कि वे देहरादून लौट रहे हैं, इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।

संपर्क बंद, परिजनों को अनहोनी की आशंका

शाश्वत और उनके परिवार के सभी मोबाइल नंबर बंद हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हुई हो। बताया गया है कि गर्ग परिवार दो गाड़ियों — हुंडई क्रेटा (UK07FK0018) और हुंडई ट्यूसॉन (UK07FL9369) — से यात्रा कर रहा था।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ लोग इसे किसी आर्थिक विवाद या स्कैम से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ अनहोनी की संभावना भी जता रहे हैं।

पहले भी गायब हुआ था पुष्पांजलि इंफ्राटेक दंपती

यह मामला उसी तरह की सनसनी पैदा कर रहा है जैसे सहस्रधारा रोड की ‘आर्किड पार्क’ परियोजना से जुड़े पुष्पांजलि इंफ्राटेक के निदेशक दीपक मित्तल और उनकी पत्नी राखी मित्तल के फरार होने पर हुआ था।

मित्तल दंपती पर 90 फ्लैट खरीदारों से 45 करोड़ रुपये हड़पने और PNB इंदिरा नगर शाखा से 21 करोड़ रुपये के एनपीए लोन का मामला दर्ज है। उनकी तलाश पुलिस, एसटीएफ और ईडी तीनों एजेंसियां कर रही हैं।

रियल एस्टेट में बढ़ता अविश्वास, निवेशक चिंतित

बिल्डरों के लगातार गायब होने की घटनाओं ने देहरादून के रियल एस्टेट सेक्टर में विश्वास की नींव को हिला दिया है। शाश्वत गर्ग के निवेशकों को अब इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं यह मामला भी किसी बड़े वित्तीय घोटाले की कड़ी न साबित हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन शहर में चर्चा है कि अगर यह दूसरा ‘पुष्पांजलि केस’ निकला, तो रियल एस्टेट सेक्टर की साख को गहरा धक्का लग सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button