उत्तराखंडखेल
Trending

एसबीपीएस के बाक्सरों का दबदबा : अभिनव चमोली और अंबिका बने गोल्ड विजेता

सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में कर्नल केएस मल्ल स्मृति बाक्सिंग चैम्पियनशिप

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में चल रही कर्नल केएस मल्ल स्मृति बाक्सिंग चैम्पियनशिप के तीसरे दिन भी एसबीपीएस के बाक्सरों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। स्कूल के बाक्सर अभिनव चमोली ने मिनी ब्वायज और अंबिका ने मिनी गर्ल्स बाक्सिंग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं जूनियर बाक्सिंग वर्ग में अंश ठाकुर, लविश सोनी और रोहित रावत ने फाइनल में जगह बनाकर स्कूल का परचम लहराया।

बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के तीसरे दिन का शुभारंभ डीबीएस कॉलेज के पूर्व फिजिकल डायरेक्टर डॉ. एस.के. अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एस्पायर स्पोर्ट्स एकेडमी के डायरेक्टर मेजर हरीश कनवाल (सेनि.) उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. अग्निहोत्री ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और नियमित अभ्यास का महत्व बताया।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं देहरादून बाक्सिंग एसोसिएशन के संरक्षक विपिन बलूनी ने कहा कि प्रदेश में बाक्सरों की नई पौध तैयार हो रही है, जो आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करेगी।

मिनी गर्ल्स फाइनल में एसबीपीएस बाक्सिंग एकेडमी की अंबिका ने गोल्ड और सुहानी कैंतुरा ने सिल्वर मेडल जीता। मिनी ब्वायज वर्ग में अभिनव चमोली ने गोल्ड, जबकि आरव सिंह रौतेला ने सिल्वर हासिल किया। इस वर्ग में आव्या अग्रवाल और इब्राहिम अली को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

वहीं, सब जूनियर ब्वायज वर्ग में अंश ठाकुर, लविश सोनी और रोहित रावत ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।

इस मौके पर देहरादून बाक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र प्रकाश भट्ट, महासचिव दुर्गा थापा, सचिव अनिल चंद्र कंडवाल, कोषाध्यक्ष उमेश कुमार मौर्य, सोशल बलूनी बाक्सिंग एकेडमी के कोच प्रदीप कुमार ऐरी, निर्णायक कपिल देव बिष्ट, भगवान सिंह, प्रदीप थापा, नीरज ठाकुर, संध्या थापा, पूजा नेगी, विजय ठाकुर और अंकित आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button