
देहरादून। गांधी पार्क में हरियाली को उजाड़कर कंक्रीट से कैंटीन बनाए जाने के खिलाफ स्थानीय नागरिकों ने कड़ा विरोध जताया है। पार्क में वर्षों से सैर करने वाले लोग इस कदम को पर्यावरण के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसे तुरंत रोकने की मांग कर रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि गांधी पार्क शहर का सबसे बड़ा हरित क्षेत्र है, जहाँ रोजाना सैकड़ों लोग सुबह-शाम सैर के लिए आते हैं। सौंदर्यीकरण के नाम पर जिम की मरम्मत और फूल-पौधों की रोपाई जैसे कार्य सराहनीय हैं, लेकिन पेड़ों की कटाई और हरी घास को नष्ट कर कैंटीन बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
लोगों ने आशंका जताई कि कैंटीन बनने से पार्क की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छ वातावरण नष्ट होगा। इसके साथ ही यह जगह नशाखोरी और गंदगी का अड्डा बन सकती है।
पर्यावरण प्रेमियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य तुरंत नहीं रोका गया, तो वे नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
विरोध जताने वालों में जगमोहन मेदीरत्ता, अशोक अग्रवाल, यशपाल आनंद, नरेश चंडोक, महेश नरूला, अशोक जॉली, राजकुमार, राजेश कुमार समेत कई नागरिक शामिल हैं।




