Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

अंकिता भंडारी हत्याकांड की होगी CBI जांच, मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता–पिता के अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण की जांच CBI से कराने की संस्तुति दे दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शुरू से अंत तक निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सितंबर 2022 में हुई इस अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी विलंब के कार्रवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रकरण से जुड़े सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया और राज्य सरकार की ओर से सशक्त एवं प्रभावी पैरवी की गई। इसका परिणाम यह रहा कि विवेचना और ट्रायल के दौरान किसी भी अभियुक्त को जमानत नहीं मिल सकी। SIT की गहन जांच के बाद अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई और निचली अदालत में सुनवाई पूर्ण होने पर तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में उन्होंने स्वयं स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता–पिता से मुलाकात की थी। बातचीत के दौरान माता–पिता ने प्रकरण की CBI जांच कराने का अनुरोध किया, जिसे उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार पहले भी न्याय के साथ खड़ी थी और आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button