उत्तराखंड
Trending

मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को दिलाई शपथ

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब का अपने भवन का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि प्रेस क्लब के भवन निर्माण को शीघ्र शुरू किया जाएगा और इसके लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक मॉडल प्रेस क्लब के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शुक्रवार को परेड मैदान स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण का प्रस्ताव उन्होंने स्वयं कैबिनेट में रखा था, जिसे कैबिनेट ने स्वीकृति दे दी है। उन्होंने इसे पत्रकारों के हित में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुविधाओं और कल्याण के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ हैं और उत्तरांचल प्रेस क्लब ने हमेशा निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय पत्रकारिता की मिसाल पेश की है। डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा दे सकती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आवास, आकस्मिक सहायता और पेंशन से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है। साथ ही मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। 2026-27 के सामान्य बजट में मीडिया सेंटरों के लिए विशेष प्रावधान किए जाने की भी घोषणा की गई।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भवन निर्माण को लेकर कैबिनेट का निर्णय पत्रकारों के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल पत्रकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

समारोह में विधायक खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button