मसूरी के आईटीबीपी हेलीपैड पर फंसे हैं गंभीर मरीज
खराब मौसम के चलते उड़ान नहीं भर पर रहे हेलीकॉप्टर

अगर विश्वविख्यात पर्यटन स्थल मसूरी में बेहतर होतीं स्वास्थ्य सुविधाएं तो नहीं होती मरीजों को परेशानी
मात्र रेफर सेंटर बने हुए हैं मसूरी के चिकित्सालय, मरीजों को करना पड़ता है परेशानी का सामना
देहरादून/मसूरी। मसूरी के आईटीबीपी हेलीपैड पर इस समय कई गंभीर मरीज फंसे हुए हैं। इनमें 9 डायलिसिस, एक हार्ट सर्जरी और दो सामान्य सर्जरी के मरीज शामिल हैं। इन सभी को अस्पताल ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की तैयारी की गई, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान फिलहाल रुकी हुई हैं।
सोमवार रात से जारी भारी बारिश और भू-स्खलन के चलते मसूरी जाने आने वाले सभी मार्ग पूरी तरह बंद हो हैं, जिससे मसूरी का सड़क संपर्क टूट गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री गणेश जोशी ने हवाई मार्ग से मरीजों को बाहर भेजने का निर्णय लिया है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही मौसम सुधरेगा, मरीजों को तत्काल हेलीकॉप्टर से अस्पतालों तक पहुंचाया जाएगा।
इस बीच लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि विश्व विख्यात पर्यटन स्थल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का विधानसभा क्षेत्र होने के बाद भी यहां राज्य निर्माण के 25 वर्ष बाद भी चिकित्सा सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। गणेश जोशी के मंत्री बनने के बाद क्षेत्रीय लोगों में उम्मीद जागी थी कि वह मंत्री बनने के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बेहतर कार्य करेगा। लेकिन मसूरी के अस्पताल आज भी मात्र रेफर सेंटर बने हुए हैं और बीमार लोगों को देहरादून और अन्य शहरों का ही सहारा लेना पड़ता है।




