
देहरादून। राजधानी देहरादून में एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता प्रीति डबास का विवाह वर्ष 2007 में परमीत डबास से हुआ था। शादी के बाद से ही पति शराब के नशे में मारपीट करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि पति रियल एस्टेट कारोबार के साथ-साथ अवैध शराब, सट्टा और ब्याज का धंधा भी करता है। जब उसने इन गतिविधियों का विरोध किया तो पति ने उसे बच्चों समेत छोड़ दिया और खर्चा देना भी बंद कर दिया।
प्रीति डबास ने बताया कि एक जुलाई 2025 की शाम उनके पति ने फोन कर गंदी-गंदी गालियां दीं और केस की पैरवी न करने की धमकी देते हुए जान से मारने की चेतावनी दी। उसी रात करीब साढ़े आठ बजे पति 4-5 अज्ञात लोगों के साथ घर पहुंचा। नशे की हालत में दरवाजे की घंटी बजाते हुए गालियां दीं और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। सभी लोगों के हाथ में डंडे थे।
घबराई महिला ने कई बार 112 पर कॉल किया लेकिन पुलिस देर से पहुंची। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि थाना प्रेमनगर पुलिस ने घटना की तहरीर लेने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की और आरोपी को कुछ देर बाद छोड़ दिया।
महिला का कहना है कि उसके पति का पुलिस पर प्रभाव है, जिसके चलते कार्यवाही नहीं हो रही। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उसका पति और उसके साथी किसी भी समय उसकी और बच्चों की हत्या करा सकते हैं। साथ ही आरोप लगाया कि सोसाइटी के कुछ लोग भी पति के दबाव में आकर उसे किराए के मकान से निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
पीड़िता ने एसएसपी से पति परमीत डबास और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, साथ ही स्वयं और बच्चों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।



