
उधमसिंह नगर। काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में पुलिस विभाग पर गिरी गाज के बाद उधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। उन्होंने थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला और दरोगा प्रकाश बिष्ट को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पैगा चौकी के सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर भी किया गया है।
लापरवाही पर एसएसपी का कड़ा फैसला
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मृतक किसान सुखवंत सिंह की शिकायतों को गंभीरता से न लेने और संवेदनहीन रवैये के आरोप में थाना अध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला और सब इंस्पेक्टर प्रकाश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके अलावा सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, एएसआई सोमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल शेखर बनकोटि, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, दिनेश तिवारी, सुरेश चंद्र, योगेश चौधरी, राजेंद्र गिरी, दीपक प्रसाद और संजय कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच का भरोसा भी दिलाया गया है।
फेसबुक लाइव से लेकर आत्महत्या तक यह है पूरा मामला
काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर लाइव आकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। लाइव वीडियो में उन्होंने प्रॉपर्टी धोखाधड़ी से जुड़े कई लोगों पर करोड़ों रुपये की ठगी का दावा किया था। सुखवंत सिंह का आरोप था कि उन्होंने इस संबंध में कई बार पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन पर ही दबाव बनाया गया।
परिजनों के अनुसार, सुखवंत सिंह से करीब 4 करोड़ रुपये लेकर गलत जमीन का बैनामा किया गया था। इस मामले में न्याय न मिलने और पुलिस के कथित दबाव के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। लगातार मानसिक प्रताड़ना ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया और अंततः उन्होंने हल्द्वानी के एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जांच के आदेश, रिपोर्ट जल्द
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने कुमाऊं रेंज के आईजी रिद्धिम अग्रवाल को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट तत्काल सौंपने को कहा है। साथ ही फेसबुक लाइव वीडियो की गहन जांच कर दोषियों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।



