उफनते गदेरे में बहा विधायक का गनर, देखें वीडियो
स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया पहुंचे थे आपदा प्रभावित गांव में

बागेश्वर: जनपद बागेश्वर के कपकोट के तल्ला दानपुर क्षेत्र अंतर्गत कन्यालीकोट पैसारी गांव में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। गांव में कई जगह मलबा घुस आया और गदेरे उफान पर आ गए। ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे।
घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया स्वयं प्रभावित गांव का जायजा लेने पहुंचे। हालात का निरीक्षण करते समय उन्हें एक उफनाते बरसाती गदेरे को पार करना पड़ा। इसी दौरान उनका गनर तेज धारा की चपेट में आकर बह गया। गनर को SDRF के जवानों ने तुरंत रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बादल फटने से क्षेत्र में कई खेतों, मकानों और पैदल रास्तों को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नदियां-नाले उफान पर हैं और पहाड़ी ढलानों से लगातार मलबा गिर रहा है।
प्रशासन ने प्रभावित गांव में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने जिले में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।




