Breaking Newsअपराधउत्तराखंड

सहस्त्रधारा हेलीपैड हत्याकांड: राजपुर पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

महज़ 650 रुपये और मोबाइल के लिए ली गई थी जान

देहरादून : थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास निर्माणाधीन भवन में कार्यरत 68 वर्षीय केयरटेकर की हत्या का खुलासा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस ने हत्या व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त लोहे का सरिया बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 28 अगस्त की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास निर्माणाधीन भवन में केयरटेकर जर्रार अहमद (निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार) मृत अवस्था में पड़ा है। मृतक के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए और नाक-मुंह से खून बह रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेन्सिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के ठेकेदार तोसीफ अहमद की तहरीर पर थाना राजपुर में धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी देहरादून ने घटना के त्वरित अनावरण हेतु निर्देश दिए। राजपुर पुलिस ने टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुरागरसी शुरू की। फुटेज में दो संदिग्ध युवक घटना स्थल के निकट दिखाई दिए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों प्रवीन रावत उर्फ अमन (19 वर्ष, निवासी चालन गांव, सहस्त्रधारा रोड) और पवन कुमार (19 वर्ष, निवासी काठबंगला, राजपुर) को आर्चिड पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 27 अगस्त की रात चोरी की नीयत से निर्माणाधीन भवन में घुसे थे। विरोध करने पर उन्होंने केयरटेकर पर पास पड़े सरिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मृतक की जेब से 650 रुपये व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उनके पास से मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया बरामद हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button