उत्तराखंडराजनीती
Trending

यूकेडी ने चमोली दिवालीखाल में किया जोरदार प्रदर्शन

पानी, जमीन और बद्रीनाथ मास्टर प्लान के विरोध में भरी हुंकार

चमोली, 19 अगस्त : उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने मंगलवार को चमोली जिले के दिवालीखाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनाव में हुई कथित धांधली, जल–जंगल–जमीन से जुड़े मुद्दों और बद्रीनाथ मास्टर प्लान का विरोध करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दिवालीखाल में ही रोक दिया।

यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार जल, जंगल और जमीन से जुड़े मूलभूत मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने राज्य में बन रही जल विद्युत परियोजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये परियोजनाएँ न केवल पर्यावरण के लिए खतरा हैं बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन पर भी विपरीत असर डाल रही हैं।

बद्रीनाथ मास्टर प्लान पर भी विरोध

प्रदर्शनकारियों ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान को भी जनता और साधु-संतों की सहमति के बिना आगे बढ़ाए जाने पर कड़ा विरोध जताया। उनका कहना था कि इससे आस्था और भावनाओं को ठेस पहुँच रही है। यूकेडी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर भी सरकार को घेरा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएँ लगभग न के बराबर हैं, स्कूल-कॉलेजों में शिक्षकों की भारी कमी है और सड़कें जर्जर स्थिति में हैं।

यूकेडी ने स्पष्ट किया कि वह इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी और संघर्ष को तेज करेगी। दिवालीखाल में रोके जाने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने डटे रहकर अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button