
ब्रेक फेल होने से खड़ी बाइकों को मारी टक्कर, एक शिक्षक गंभीर
देहरादून। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गर्जिया के आगे धनगढ़ी नाले के पास नाला पार करने के इंतजार में खड़े दो बाइक सवारों को एक बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिंह पंवार, शिक्षक राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोठल गाँव, और वीरेन्द्र शर्मा, शिक्षक राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोड तल्ला, के रूप में हुई है। हादसे में घायल सत्यप्रकाश, शिक्षक प्राथमिक विद्यालय हरडा, को गंभीर हालत में रामनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और खड़ी बाइकों को टक्कर मार दी। बस में सवार कई यात्री भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दो शिक्षकों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।




