Breaking Newsउत्तराखंड

देहरादून के पंडितवाड़ी क्षेत्र में गिरा विशाल पेड़, घंटों लगा रहा जाम

दो घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से हटाया गया पेड़, आस पास हैं और भी पुराने पेड़ जो कभी भी बन सकते हैं हादसे का सबब

देहरादून, 31 जुलाई : शहर के पंडितवाड़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक भारी-भरकम पेड़ अचानक सड़क पर आ गिरा। यह घटना ठीक उसी समय हुई जब लोग अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने और दफ्तर जाने के लिए घरों से निकले थे। पेड़ के गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति बन गई।

सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे ने राहगीरों को काफी परेशान किया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। हालात तब सामान्य हो पाए जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया। पुलिस प्रशासन ने भी तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को व्यवस्थित किया और रास्ता साफ करवाया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से पेड़ को पूरी तरह हटाया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पेड़ काफी पुराना था और पहले भी कई बार इसकी हालत को लेकर शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।

Related Articles

Back to top button