
मेरठ जेल की एक ही बैरक में बंद हैं पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 5 महिलाएं, हर कहानी ने देश को चौंकाया
किसी पर शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट भरने का आरोप तो किसी पर सांप से डंसवाकर हत्या कराने का, सभी मामले अदालत में विचाराधीन
मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार इन दिनों एक अनोखे संयोग को लेकर चर्चा में है। जेल की महिला बैरक 12ए और 12बी में ऐसी पांच महिलाएं न्यायिक हिरासत में बंद हैं, जिन पर अपने-अपने पतियों की हत्या का आरोप है। इन मामलों में किसी पर प्रेमी के साथ मिलकर शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से सील करने का आरोप है, तो किसी पर जहरीले सांप से डंसवाकर हत्या कराने का। सभी मामलों की सुनवाई अदालत में जारी है और अभी किसी भी आरोपी को दोषी नहीं ठहराया गया है।
चर्चित नीले ड्रम वाली मुस्कान और उसकी बेटी
सबसे चर्चित मामला ब्रह्मपुरी निवासी मुस्कान का है। पुलिस के अनुसार, मार्च 2025 में उसने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरव राजपूत की हत्या की। आरोप है कि शव के कई टुकड़े कर उन्हें एक नीले प्लास्टिक ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। बाद में दोनों घूमने भी चले गए। जेल में रहते हुए मुस्कान ने एक बेटी को जन्म दिया, जो फिलहाल उसके साथ ही रह रही है।
पति की सांप से डंसवाकर हत्या करने वाली दामिनी
दूसरा चर्चित मामला दामिनी का है। पुलिस का आरोप है कि किड्स प्ले स्कूल चलाने वाली दामिनी ने प्रेमी तुषार और साथियों संग मिलकर पति अतुल की हत्या की। उसने पति को पहले नींद की गोलियां दीं और फिर जहरीले सांप से डसवा दिया ताकि मौत को प्राकृतिक हादसा दिखाया जा सके।18 जुलाई 2026 को जेल पहुंची दामिनी शुरुआत में काफी उदास रही और उसने खाना भी नहीं खाया। वह अपने 6 साल के बेटे को याद करके रोती है। पढ़ी-लिखी होने के कारण उसने लाइब्रेरी में काम करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे जेल की लाइब्रेरी में काम पर लगाया गया है। ताकि मौत को प्राकृतिक हादसा दिखाया जा सके। दामिनी का प्रेमी भी मेरठ जेल में बंद है, लेकिन जेल नियमों के कारण दोनों की मुलाकात नहीं हो सकती।
प्रेमी संग की पति की हत्या, शव के पास रखा सांप
इसी तरह बहसूमा निवासी रविता पर आरोप है कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और शव के पास सांप रखकर घटना को सांप के काटने से हुई मौत साबित करने की कोशिश की। पुलिस जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
बीएसएफ जवान की हत्या आरोपी कोमल
इचौली की कोमल पर अपने बीएसएफ जवान पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि उसने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई।
अंजली ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मरवायी गोली
वहीं परीक्षितगढ़ निवासी अंजलि पर आरोप है कि अंजलि ने अपने प्रेमी अजय के साथ मिलकर अपने पति राहुल की गोली लगवाकर हत्या करवा दी थी। नवंबर 2025 से बैरक 12 बी में बंद अंजलि तीन बच्चों की मां है। वह जेल में सफाई, झाड़ू-पोछा और कपड़े सिलने का काम करती है। वह भी धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है, खाली समय में रामायण सुनती है और पढ़ना सीख रही है। परिवार वाले कभी-कभी उससे मिलने जेल आते हैं और उसका केस भी अदालत में ट्रायल पर चल रहा है।
जेल प्रशासन के अनुसार, पांचों महिलाएं अलग-अलग मामलों में अंडरट्रायल कैदी हैं। जेल के भीतर उन्हें सिलाई, रसोई, सफाई, लाइब्रेरी और धार्मिक गतिविधियों जैसे कार्यों में लगाया गया है। जेल मैनुअल के तहत केवल कानूनी रिश्तेदारों या पति-पत्नी को ही मुलाकात की अनुमति होती है। यही वजह है कि इन मामलों में आरोपी महिलाओं और उनके कथित प्रेमियों की जेल के भीतर मुलाकात नहीं हो सकती।
पांचों महिलाओं के खिलाफ दर्ज मामले संबंधित अदालतों में विचाराधीन हैं। उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पुलिस की जांच और चार्जशीट पर आधारित हैं। किसी भी मामले में अभी अदालत का अंतिम फैसला नहीं आया है।




