
देहरादून।
ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्रशासनिक बैठक अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। अशासकीय विद्यालय से जुड़े एक मुद्दे पर पहुंचे प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच शुरू हुई तीखी बहस ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला कर दिया गया, जिससे उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
नाम परिवर्तन को लेकर बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुछ प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने बताया कि रायपुर ब्लॉक के अस्थल प्राथमिक विद्यालय के नाम परिवर्तन का मामला विवाद की जड़ बना। उनका कहना है कि नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन स्तर पर पहले ही भेजा जा चुका है।
विधायक की मौजूदगी में हंगामा
घटना के समय रायपुर क्षेत्र से विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वे ही प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ निदेशालय पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और कथित तौर पर कुछ लोगों ने निदेशक के साथ हाथापाई कर दी। परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामा होता रहा।
अस्पताल में उपचार, पुलिस जांच में जुटी
घायल निदेशक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
विभाग में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद शिक्षा विभाग में रोष का माहौल है। अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। विभागीय कर्मचारियों ने इस प्रकार की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



