उत्तराखंड
Trending

हरिद्वार से 100 जोड़ी ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भी तैयार

अर्द्धकुंभ 2027 से पहले बदलेगा हरिद्वार रेलवे स्टेशन का स्वरूप, 4769 करोड़ के रेल बजट से मिलेगा बड़ा अपग्रेड

ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट के लिए 3000 करोड़ रुपये का बजट

हरिद्वार रेलवे स्टेशन का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि अर्द्धकुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के पुनर्निमाण और आधुनिकीकरण के लिए बजट में प्रस्ताव किया गया है। रेल बजट में उत्तराखंड को कुल 4769 करोड़ रुपये मिले हैं, जिसमें से लगभग 3000 करोड़ रुपये ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट पर खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

डीआरएम के अनुसार, इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक हिमालयी दृश्यों का आनंद लेते हुए यात्रा कर सकेंगे। इसके पूरा होने के बाद ऋषिकेश से गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन के लिए ट्रेन से पहुंचना और आसान हो जाएगा।

हरिद्वार स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रवेश और निकास मार्गों को चौड़ा और सुव्यवस्थित किया जाएगा, ताकि अर्द्धकुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ का दबाव आसानी से संभाला जा सके। दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन को अधिक सुलभ बनाने के लिए रैंप, लिफ्ट, ब्रेल साइन बोर्ड और सुलभ शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

रेलवे की योजना के तहत प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाई जाएगी और ट्रेनों की आवाजाही व ठहराव व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यार्ड क्षमता का विस्तार किया जाएगा। इससे ट्रेनों की लाइनिंग और संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। स्टेशन परिसर में वेटिंग हॉल का विस्तार और यात्रियों के लिए डोरमेट्री बनाने का भी प्रस्ताव है। इसके साथ ही दो नए प्लेटफार्म तैयार किए जाएंगे।

रेलवे आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में हरिद्वार स्टेशन से प्रतिदिन करीब 50 हजार यात्री सफर करते हैं, जबकि स्नान पर्व और विशेष अवसरों पर यह संख्या बढ़कर 85 हजार तक पहुंच जाती है। अर्द्धकुंभ 2027 के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए करीब 100 जोड़ी ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा के लिए स्टेशन पर स्थायी होल्डिंग एरिया भी बनाया जाएगा। रेल बजट में हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पुनर्निमाण पर मुहर लगने के बाद जल्द ही बजट जारी होने की उम्मीद है, जिससे निर्माण और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button