मसूरी-धनौल्टी और चकराता में सीजन का पहला स्नोफॉल
उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज

देहरादून। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली। तड़के से ठंडी हवाएं चलने लगीं और कई इलाकों में बारिश व बर्फबारी दर्ज की गई। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट आई और पहाड़ों पर ठंड एक बार फिर लौट आई।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून सहित राज्य के छह जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मसूरी, धनौल्टी और चकराता में सीजन का पहला स्नोफॉल
पर्यटन नगरी मसूरी, धनौल्टी और चकराता में इस सर्दियों का पहला स्नोफॉल हुआ, जिससे पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। माल रोड तक बर्फ की हल्की फुहारें गिरीं, हालांकि तेज हवाओं के कारण बर्फ जम नहीं पाई। मानसून की विदाई के करीब चार महीने बाद मसूरी में बूंदाबांदी और हिमपात देखने को मिला। धनौल्टी और सुरकंडा देवी क्षेत्र में भी बर्फबारी दर्ज की गई।
मैदानी और पर्वतीय इलाकों में बदला मौसम
हल्द्वानी में सुबह तेज हवाएं चलीं और हल्के बादल छाए रहे। बागेश्वर में कोहरा छाया रहा, जबकि पिथौरागढ़ और नैनीताल में बादलों की आवाजाही बनी रही। रानीखेत, द्वाराहाट और सल्ट समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने से ठंड में इजाफा हुआ।
ऋषिकेश में बारिश के बाद ठिठुरन बढ़ गई। कोटद्वार में बादल छाए रहे और बारिश की संभावना बनी हुई है। जिला मुख्यालय नई टिहरी में मौसम खराब रहा, जहां गुरुवार रात हल्की बूंदाबांदी हुई। हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
किसानों और वन क्षेत्रों को राहत
मौसम में आए इस बदलाव से किसानों और आम लोगों को राहत मिली है। बारिश और बर्फबारी से सूखे हालात और जंगलों में आग की आशंका कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने और आवश्यक एहतियात अपनाने की अपील की है।



