अपराधउत्तराखंड
Trending

प्रॉपर्टी डीलर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से की आत्महत्या, झाड़ियों में मिला शव, इलाके में सनसनी

देहरादून/खटीमा | खटीमा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रॉपर्टी डीलर का शव झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान कंजाबाग रोड निवासी 60 वर्षीय जशोधर भट्ट पुत्र प्रेम बल्लभ भट्ट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जशोधर भट्ट ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे

बताया गया कि मंगलवार सुबह जशोधर भट्ट घर से बाइक पर सवार होकर कार्यालय जाने की बात कहकर निकले थे। कुछ समय बाद उनका शव सुजिया गांव में नहर की पटरी से लगे नाले के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव के पास उनकी बाइक और लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद हुई।

बकरी चरा रहे व्यक्ति ने दी सूचना

घटना की जानकारी सबसे पहले मौके से गुजर रहे एक व्यक्ति को मिली, जो बकरी चरा रहा था। उसने तुरंत ग्राम प्रधान मंजू राणा को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर एसआई किशोर पंत मौके पर पहुंचे और देखा कि शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। मृतक की जेब में रखा मोबाइल लगातार बज रहा था। कॉल रिसीव करने पर फोन उनके बेटे गौरव भट्ट का निकला, जिसके बाद शव की शिनाख्त की गई।

इसके बाद क्षेत्राधिकारी विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह और एसएसआई ललित मोहन रावल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पूरे इलाके की बैरिकेटिंग कर रुद्रपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और साक्ष्य संकलन किया गया।

निजी अस्पताल भी संचालित करते थे

पुलिस के अनुसार, जशोधर भट्ट प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ कंजाबाग क्षेत्र में ‘प्रेमजी’ नाम से एक निजी अस्पताल भी संचालित करते थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

क्षेत्राधिकारी विमल रावत ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जशोधर भट्ट अपने पीछे पत्नी, पुत्र गौरव भट्ट और पुत्री बबीता भट्ट को छोड़ गए हैं। बेटा पेशे से डेंटिस्ट है, जबकि बेटी दिल्ली में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है। इस घटना से नगर और आसपास के क्षेत्रों में शोक और सनसनी का माहौल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button