संडे बाजार अब आईएसबीटी के पास लगेगा
ट्रैफिक जाम से राहत के लिए जिला प्रशासन का अहम निर्णय

रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला संडे बाजार वहां नहीं लगेगा
देहरादून। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को जाम की परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने रविवार साप्ताहिक बाजार को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब लैंसडाउन चौक के समीप रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला संडे बाजार वहां नहीं लगेगा। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर इस बाजार को आईएसबीटी देहरादून के पास स्थानांतरित कर दिया गया है।
रेंजर्स ग्राउंड में बाजार से बढ़ रहा था ट्रैफिक दबाव
प्रशासन के अनुसार हर रविवार रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले बाजार के कारण लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक सहित आसपास के मार्गों पर भारी भीड़ उमड़ जाती थी। अव्यवस्थित पार्किंग और बढ़ती आवाजाही के चलते घंटों जाम की स्थिति बन रही थी।
अस्पताल और आपात सेवाओं पर पड़ रहा था असर
रेंजर्स ग्राउंड के आसपास दून अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और कई प्रमुख सरकारी कार्यालय स्थित हैं। रविवार बाजार के चलते यहां एंबुलेंस सेवाओं और मरीजों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी, जो प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया था।
आईएसबीटी के पास खाली भूमि पर लगेगा अब बाजार
इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति से विचार-विमर्श के बाद बाजार को अन्य उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। अब यह संडे बाजार आईएसबीटी देहरादून के पास उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की खाली भूमि पर आयोजित किया जाएगा।
कानूनी प्रावधानों के तहत जारी हुआ आदेश
जिलाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया गया है। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक उक्त भूमि पर मेट्रो परियोजना का वास्तविक कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।
प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी।




