सुमित सैनी के भजनों ने बहाई रसधार
प्रेमनगर, 6 सितंबर : प्रेमनगर क्षेत्र के श्रीराम मंदिर में गणेशोत्सव के दसवें दिन 5 सितंबर की रात आयोजित भजन संध्या ने भक्तों के दिलों को भक्ति और आनंद से भर दिया। जयपुर से आए प्रसिद्ध भजन गायक सुमित सैनी ने अपनी मधुर आवाज़ और मंत्रमुग्ध कर देने वाले भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
संध्या की शुरुआत गणपति वंदना से हुई, जिसे सुनते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उन्होंने घर में पधारो गजानंद जी मेरे घर में पधारो भजन से रिद्धि सिद्धि के दाता को मनाया। इसके बाद सुमित सैनी ने खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी कुछ पंक्तियाँ श्रद्धालुओं के मन को छू गईं:
“एक आस तुम्हारी है, एक तेरा सहारा है, तेरे बिना मेरा कौन सहारा है।”
“सांवरा जब मेरे साथ है, फिर डरने की क्या बात है…
श्याम मेरे, तेरा नाम जपो, मन की शांति पाओ… के बाद एक से बढ़कर एक सुंदर भजन गाए। देर रात तक लोग भजनों की मधुर दूर लहरी पर नाचते रहे।
मंदिर में सजाए गए भव्य पंडाल और पूरे आयोजन ने इस भजन संध्या की भव्यता और भी बढ़ा दी। इस अवसर पर भंडारा भी जारी रहा, जिसमें सभी उम्र के श्रद्धालु शामिल हुए। यह श्रद्धालुओं के लिए आइस क्रीम के स्टाल लगे थे जिसका बच्चों और बड़ों सभी ने भरपूर मजा लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजेश शर्मा , राजीव पुंज सनी, अशोक सहगल, सुमित चावला, साकेत लूथरा के साथ ही श्री राम मंदिर के महिला संकीर्तन मंडली का विशेष योगदान रहा।
गणेशोत्सव का समापन 6 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे होगा। शोभायात्रा के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का ऋषिकेश स्थित गंगा नदी में विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन से पूर्व श्रद्धालु अगले वर्ष पुनः बप्पा को आमंत्रित करने का संकल्प लेंगे।




