उत्तराखंड
Trending

घास काटने गई महिला पर गुलदार का हमला, झाड़ियों में मिला शव 

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग और प्रशासन की टीम में मौके पर पहुंची

पौड़ी : जिले के पोखड़ा ब्लॉक में घर के पास घास काट रही एक वृद्धा को गुलदार ने मार डाला। महिला का शव घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर झाड़ी में मिला, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बगड़ीगाड की प्रधान झलकारी देवी ने बताया कि बगड़ी गांव निवासी रानी देवी (65) पत्नी रमेश कुमार गुरुवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे घर के पास खेतों में घास काटने गई थीं। दोपहर बाद भी घर नहीं लौटीं तो परिजन और ग्रामीण खोज में निकले। मौके पर महिला के कपड़ों का टुकड़ा और खून देखकर सभी को अनहोनी की आशंका हुई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद शव झाड़ियों में मिला। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शव की स्थिति देखकर साफ हुआ कि महिला की मौत गुलदार के हमले से हुई है। खोजबीन के दौरान गुलदार ने मृतका की नातिन काव्या पर भी झपटने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर भाग गया।

घटना की सूचना पर दमदेवल के रेंजर आरएस नेगी वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। चौबट्टाखाल से तहसीलदार, राजस्व पुलिस व सतपुली थाना पुलिस भी गांव पहुंची और राजस्व पुलिस ने पंचनामा भरना शुरू कर दिया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया से वार्ता कर आदमखोर बाघ को मरवाने (Shoot at sight) की अनुमति लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button