
रुद्रप्रयाग: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार सुबह केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक पूजन कर विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास के लिए आशीर्वाद मांगा। दर्शन के बाद राज्यपाल बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुए।
राज्यपाल के धाम आगमन पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने वीआईपी हैलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ का अभिषेक और पूजन-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और राज्य की उन्नति की कामना की।
मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज ने पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल ने इसे अत्यंत आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव बताया। उन्होंने कहा, “केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। इस पवित्र भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।”
पूजन के बाद राज्यपाल ने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और बाबा केदारनाथ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने उन्हें धाम में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि अधिकांश पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्य अंतिम चरण में हैं।
राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन और पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में सभी की भूमिका प्रशंसनीय रही है।



