उत्तराखंडधर्म/संस्कृति
Trending

नेगी जी ने उत्तराखंड की आत्मा को सुरों में पिरोया : सीएम

मुख्यमंत्री ने हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार एस.आर. हरनोट को नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान से किया सम्मानित

नरेंद्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान समारोह में पहुंचे सीएम 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून में आयोजित नरेंद्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार एस.आर. हरनोट को नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान से सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की आत्मा को स्वर दिया है। उन्होंने लोक जीवन की पीड़ा, प्रेम, संघर्ष और सौंदर्य को सुरों में पिरोकर राज्य की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी है। सीएम ने कहा कि नेगी जी ने पलायन, पर्यावरण और पहाड़ी महिलाओं के संघर्ष पर कई मार्मिक गीत रचे हैं, जिनसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयां मिली हैं।

लोककलाओं को संरक्षित व समृद्ध करने के लिए सरकार कर रही प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड की लोक कलाओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कोरोना काल में 3,200 से अधिक सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध और अस्वस्थ लोक कलाकारों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन दी जा रही है।

युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति से जोड़ने के लिए कार्यशालाएँ

सीएम ने बताया कि राज्य सरकार छह माह की लोक प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन कर रही है ताकि युवा पीढ़ी हमारी पौराणिक लोक संस्कृति की महत्ता को समझ सके। ढोल, दमाऊ, हुरका, मशाक, तुर्री और भंकोरा जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्र हमारी लोकधुनों को और जीवंत बनाते हैं।

भाषाओं और साहित्य के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कारों के माध्यम से साहित्यकारों को सम्मानित कर रही है। साथ ही स्थानीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण के लिए सतत प्रयास हो रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ियाँ अपनी समृद्ध भाषायी धरोहर से जुड़ी रहें।

इस अवसर पर लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, एस.पी. सेमवाल, डॉ. नवीन बलूनी, डॉ. ईशान पुरोहित, अपर सचिव ललित मोहन रयाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button