
देहरादून। शहर में अवैध पार्टियों और अव्यवस्था पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पौंधा, बिधोली और आसपास के इलाकों में होम स्टे, गेस्ट हाउस, पीजी और हॉस्टलों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने देर रात तक चल रही गतिविधियों पर नजर रखी और संदिग्ध पाए गए पांच युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाकर पुलिस एक्ट के तहत चालान किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बिना प्रशासनिक अनुमति पार्टी आयोजित करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान खास तौर पर शराब के नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को रोकने के लिए चलाया गया है।
पुलिस ने कहा कि प्रेमनगर और अन्य क्षेत्रों में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




