धर्म/संस्कृति
Trending

वृषभ, कर्क, कन्या और मकर राशि वाले रहें सतर्क, शुक्र देव कर रहे हैं राशि परिवर्तन

15 सितंबर से सिंह राशि में प्रवेश करेंगे शुक्र, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा असर

देहरादून। वैदिक ज्योतिष के अनुसार प्रेम, सौंदर्य और विलासिता के कारक माने जाने वाले शुक्र ग्रह 15 सितंबर 2025 की रात 12 बजकर 06 मिनट पर सिंह राशि में गोचर करने जा रहे हैं। ज्योतिष शास्त्र में शुक्र को “प्रेम का देवता” कहा गया है क्योंकि यह भौतिक सुख-सुविधाओं, आकर्षण, कला और संबंधों पर सीधा प्रभाव डालते हैं।

ग्रहणीय दृष्टि से देखा जाए तो सिंह राशि के स्वामी सूर्य और शुक्र के संबंध मधुर नहीं माने जाते। यही कारण है कि शुक्र के सिंह राशि में प्रवेश के साथ सूर्य और शुक्र की युति बनने से जातकों को मिले-जुले परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि, यह युति केवल दो दिन तक ही रहेगी क्योंकि इसके बाद सूर्य कन्या राशि में प्रवेश कर जाएंगे।

सिंह राशि में शुक्र की विशेषताएं
सिंह राशि में शुक्र का प्रवेश आत्म-अभिव्यक्ति, प्रेम और रचनात्मकता को बढ़ावा देता है। इस दौरान जातक अपने रिश्तों में उत्साह और उदारता प्रदर्शित करेंगे। कला, साहित्य और रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की प्रतिभा निखरकर सामने आएगी। वहीं, प्रेम जीवन में रोमांस और आकर्षण बढ़ेगा, लेकिन दिखावे की प्रवृत्ति भी प्रबल हो सकती है।

किन्हें मिलेगा लाभ और किन्हें सावधानी की जरूरत
ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि यह गोचर मेष, मिथुन, तुला और धनु राशि वालों के लिए शुभ संकेत लेकर आएगा। इन राशियों को प्रेम संबंधों, सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक क्षेत्र में लाभ मिलने की संभावना है। वहीं, वृषभ, कर्क, कन्या और मकर राशि के जातकों को इस दौरान विशेष सतर्कता बरतनी होगी। रिश्तों में गलतफहमी और अनावश्यक खर्च इनकी परेशानी बढ़ा सकते हैं।

नकारात्मक प्रभावों से बचाव
ज्योतिषीय उपायों के अनुसार, शुक्र के अशुभ प्रभावों से बचने के लिए शुक्रवार के दिन देवी लक्ष्मी की उपासना करना, सुगंधित वस्तुएं दान करना और जरूरतमंदों को सफेद वस्त्र भेंट करना लाभकारी रहेगा।

शुक्र का यह गोचर प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में अलग-अलग असर डालेगा। ऐसे में ज्योतिष विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जातक अपनी व्यक्तिगत कुंडली के अनुसार निर्णय लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button