
तेलंगाना के युवक के रूप में हुई पहचान
रुद्रप्रयाग।
केदारनाथ धाम के पीछे स्थित चौराबाड़ी ग्लेशियर क्षेत्र में सोमवार को एक मानव कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय युवकों ने पत्थरों के बीच कंकाल देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी।
सूचना पर पुलिस टीम व यात्रा प्रबंधन बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कंकाल के पास से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें मोबाइल फोन और आईडी मिली। आईडी के आधार पर मृतक की पहचान नोमुला रोश्वन्थ पुत्र नोमुला गणेश, निवासी राजेश्वरोपेट गांव, इब्राहिमपट्टनम मंडल, जिला जगतियाल तेलंगाना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजनों ने 31 अगस्त 2024 को दर्ज कराई थी। अंतिम बार उसका संपर्क 30 अगस्त 2024 को हुआ था, जब उसने अपने परिजनों को उत्तराखंड में होने की जानकारी दी थी।
बरामद कंकाल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया है। परिजनों और तेलंगाना पुलिस के पहुंचने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।




