
देहरादून, 12 अगस्त — एन एन प्रोडक्शन के बैनर तले बनी हिन्दी फीचर फिल्म ‘टिंचरी माई: द अनटोल्ड स्टोरी’ का ट्रेलर और पोस्टर सोमवार को लॉन्च किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अति विशिष्ट अतिथि चन्द्रवीर गायत्री, प्रदेश अध्यक्ष, बीएसपीएस, पुष्कर नेगी, अध्यक्ष, बीएसपीएस चमोली, नवल खाली, गढ़वाल प्रभारी, बीएसपीएस, एस. पी. दुबे, रोश धस्माना, अध्यक्ष गढ़वाल सभा, पंडित उदयशंकर भट्ट, शैलेन्द्र सेमवाल (वरिष्ठ पत्रकार,), तोताराम ढौंडियाल जिज्ञासु, निर्माता नवीन नौटियाल, इंजी. महेश गुप्ता, लोकेश नवानी और निर्देशक दिनेश उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
निर्माता नवीन नौटियाल ने फिल्म निर्माण के अपने सपने को साझा किया, जबकि लेखक लोकेश नवानी ने बताया कि फिल्म टिंचरी माई की जीवनकथा से प्रेरित है, लेकिन इसकी कहानी आधुनिक और समकालीन संदर्भों में गढ़ी गई है। BSPS प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में फिल्म देखें और उत्तराखण्ड की कहानियों को बढ़ावा दें। कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी सुशील पुरोहित ने किया।
फिल्म उत्तराखण्ड की सुप्रसिद्ध जोगन और सामाजिक आंदोलनकारी टिंचरी माई (ठगुली देवी) के संघर्ष, त्याग और सामाजिक बदलाव की लड़ाई से प्रेरित है। द्वितीय विश्वयुद्ध में पति को खोने और अपने बच्चों की हैजे से मृत्यु के बाद, उन्होंने गांव छोड़कर कोटद्वार भाबर में जोगन का जीवन अपनाया और सामाजिक सरोकारों के लिए जुट गईं। उन्होंने शिक्षा, पेयजल और टिंचरी जैसी कुप्रथा के खिलाफ संघर्ष किया, यहां तक कि टिंचरी बेचने वाले की दुकान को आग के हवाले कर दिया।
फिल्म की कहानी दिल्ली की पत्रकार मेघा माथुर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो टिंचरी माई पर शोध के दौरान उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर स्वयं समाजसेवा में जुट जाती है। फिल्म स्त्री सशक्तिकरण, पितृसत्ता और सामाजिक बदलाव जैसे मुद्दों को उठाती है।
‘टिंचरी माई: द अनटोल्ड स्टोरी’ का निर्देशन युवा फिल्मकार के. डी. उनियाल ने किया है। फिल्म के निर्माता नवीन नौटियाल, विनय अग्रवाल और महेश गुप्ता हैं, जबकि प्रस्तुतकर्ता डॉ. पुष्करमोहन नैथानी हैं। शूटिंग बौंठ गांव, टिहरी, चोपता, उखीमठ, धारी देवी, मलेथा, देवप्रयाग, बुग्गावाला, ज्वाल्पाजी, गवांणी और देहरादून के कई स्थानों पर की गई है।



