घरेलू विवाद में पत्नी को डंडे से पीटकर मार डाला, बेटे ने देखा खौफनाक मंजर

हत्या के बाद रातभर शव के साथ घर में रहा आरोपी, सुबह 10 वर्षीय बेटे को धमकाकर हुआ फरार; तीन विशेष टीमें तलाश में जुटीं
नैनीताल। ओखलकांडा विकासखंड के खनस्यूं क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। तल्ला ओखलकांडा निवासी 37 वर्षीय भीम सिंह बोहरा ने कथित तौर पर अपनी 28 वर्षीय पत्नी डिगरी देवी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान उनका 10 वर्षीय बेटा भी मौके पर मौजूद था और उसने पूरी घटना देखी। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी रातभर घर में ही रहा और शनिवार सुबह बेटे को डराने-धमकाने के बाद फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं।
मामूली विवाद के बाद किया हमला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 21 अगस्त की देर शाम तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह बोहरा का पत्नी डिगरी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने डंडे से पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसने डिगरी देवी पर इतनी बेरहमी से वार किए कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर में मौजूद 10 वर्षीय बेटा इस पूरी घटना का गवाह बना। महिला की मौत के बाद भी आरोपी रातभर घर में ही रहा और पत्नी के शव के साथ घर में मौजूद रहा।
बेटे को धमकाकर फरार हुआ आरोपी
शनिवार सुबह आरोपी ने अपने 10 वर्षीय बेटे को डराया-धमकाया और किसी को कुछ न बताने के लिए कहा। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। आरोपी के जाने के बाद बेटा और घर में मौजूद तीन अन्य मासूम बच्चे दिनभर मां के उठने का इंतजार करते रहे।
देर शाम तक जब डिगरी देवी नहीं उठीं तो बच्चों ने पड़ोसियों को पूरी घटना की जानकारी दी। ग्रामीण तत्काल घर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की सूचना खनस्यूं थाना पुलिस को दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस के साथ सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया गया है।
पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि मृतका के पिता गुमान सिंह निवासी अघौड़ा की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार भीम सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




